
“एक अधिकारी तीन प्रभार” खबर का दिखा असर, रामचंद्रपुर जनपद को मिला नया सीईओ..
अचूक संदेश खबर का हुआ असर..
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जनता की समस्याओं को उजागर करने वाली खबर का आखिरकार प्रशासन पर प्रभाव पड़ा.. रामानुजगंज क्षेत्र में “एक अधिकारी तीन प्रभार, लोग हैं परेशान” शीर्षक से प्रकाशित समाचार का जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्यवाही की है..
खबर में यह स्पष्ट किया गया था कि रामचंद्रपुर जनपद पंचायत सहित तीन विभागों का प्रभार एक ही अधिकारी के पास होने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का क्रियान्वयन बाधित हो रहा था और आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही थी..
समाचार के प्रकाशन के बाद जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित निर्णय लिया और रामचंद्रपुर जनपद पंचायत के लिए नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति कर दी.. इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार रणवीर साय को रामचंद्रपुर जनपद पंचायत का नया सीईओ नियुक्त किया गया है..
इस फैसले से स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन जनसमस्याओं को लेकर गंभीर है और जनहित से जुड़े मामलों में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है..
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासनिक फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब क्षेत्रीय विकास कार्यों में गति आएगी और समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
“अचूक संदेश” समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करती है..


